कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । जहांगीरगंज बाजार में दो वर्ष से कागजों पर सील पड़े दिव्यांशु हेल्थ केयर सेंटर (दिव्यांशु नर्सिंग होम) में गलत इलाज और लापरवाही के चलते एक 34 वर्षीय प्रसूता की मौत हो गई। मृतका राजकला पत्नी संदीप कुमार, निवासी केदरुपुर गांव (राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र) की रविवार सुबह जहांगीरगंज के इस अवैध केंद्र में डिलीवरी हुई थी, लेकिन दोपहर तक उनकी हालत बिगड़ गई और मेडिकल कॉलेज, सदरपुर पहुंचने पर उन्होंने दम तोड़ दिया।मामले में जहांगीरगंज थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मृतक के पति संदीप कुमार की तहरीर पर नर्सिंग होम संचालिका प्रियंवदा मौर्या उर्फ संगीता मौर्या (पत्नी नंदकिशोर मौर्या, निवासी हथिनाराज गांव, आलापुर थाना क्षेत्र) और उनके 3-4 सहयोगियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (धारा 304A IPC समेत अन्य धाराएं) का मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं, जहांगीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. कमलेश की तहरीर पर संचालिका के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और मेडिकल एक्ट की धाराओं के तहत दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया है।जुलाई 2024 में तत्कालीन अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान संचालिका के पास कोई वैध दस्तावेज न होने पर केंद्र को सील कर दिया था। बावजूद इसके विभागीय अनदेखी या मिलीभगत के चलते पिछले दो साल से यहां अवैध रूप से मरीजों का इलाज और ऑपरेशन जारी था। संचालिका प्रियंवदा मौर्या, जो पूर्व में आशा बहू रह चुकी हैं और संविदा समाप्त होने के बाद अवैध नर्सिंग होम चला रही थीं, अभी तक गिरफ्तार नहीं हुई हैं।घटना के अनुसार, रविवार सुबह राजकला को प्रसव पीड़ा होने पर दिव्यांशु हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराया गया। सुबह करीब 10:40 बजे उन्होंने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन दोपहर 1 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। संचालिका ने हाथ खड़े कर दिए और इलाज में लापरवाही बरती। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मौत के बाद संचालिका और कुछ रसूखदार लोगों ने समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अम्बेडकरनगर स्थित शव विच्छेदन गृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां से सामान जब्त करने की कार्रवाई की।यह घटना स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और अवैध नर्सिंग होम/क्लिनिकों पर प्रभावी कार्रवाई की कमी को एक बार फिर उजागर करती है।
अम्बेडकरनगर के सील नर्सिंग होम में प्रसूता की लापरवाही से मौत, दो FIR; संचालिका पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं
मार्च 16, 2026
0
Tags