देवल संवादाता,वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथालॉजी में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा पार्टी मनाने का मामला सामने आया है। लैब के अंदर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लैब टेक्नीशियन और कुछ कर्मचारी शराब पीते दिख रहे हैं। मामले की जानकारी होने के बाद अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम ने जांच करवाकर कार्रवाई की बात कही है।
अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के खून की जांच पैथालॉजी में कराई जाती है। इसके अलावा एमसीएच विंग में आने वाली गर्भवती महिलाओं की भी खून की कई जरूरी जांच के सैंपल इसी लैब में आते हैं। शनिवार की दोपहर सोशल मीडिया पर चार वीडियो वायरल हुए हैं। इनमें एक वीडियो में तीन लोग पैथालॉजी के अंदर बैठे हैं। उसी कमरे में जांच की मशीनें भी हैं।
बैठने वालों में एक लैब टेक्नीशियन है, जबकि अन्य लोग वहां संविदा कर्मचारी हैं। सामने मेज पर तीन गिलास में शराब दिख रही है और प्लेट में नॉनवेज भी खा रहे हैं। अस्पताल में ड्यूटी के दौरान इस तरह की हरकत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
स्टाफ नर्स संग ठुमका लगाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने जताई थी नाराजगी
कुछ महीने पहले ही इसी अस्पताल के लैब टेक्नीशियन समेत अन्य कर्मचारियों का यहां स्टाफ नर्सों के साथ भोजपुरी गाने पर डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था। इस पर यूपी के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने नाराजगी जताते हुए सीएमओ से जांच कर रिपोर्ट भी मांगी थी। डांस मामले में बस जिन लोगों का वीडियो में चेहरा दिख रहा था, उन्हें चेतावनी मिली, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। अब एक बार फिर पैथालॉजी के कर्मचारियों के शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें देखना है कि किस तरह की कार्रवाई होती है।
अधिकारी बोले
इस तरह कृत्य शर्मनाक है। मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी। इसमें कौन-कौन लोग पैथालॉजी के अंदर शराब पीते वीडियो में दिख रहे हैं, सभी को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।