देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. बबीता सिंह चोहान व आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और देश की प्रगति संभव है।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अन्नप्राशन एवं गोदभराई की रस्म भी निभाई और उपस्थित महिलाओं व बच्चों को आशीर्वाद दिया। वहीं आयोग की सदस्य ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी भाग लिया। इसके बाद उन्होंने जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला सहायता सेवा 181 तथा बाल सहायता सेवा 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विशाखा समिति का गठन कर उसकी नियमित बैठकें कराने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा अभ्युदय कोचिंग योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पात्र लोगों को इसका लाभदिलाने के निर्देश दिए गए। वहीं पंचायत राज विभाग को ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा गया। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई भी की और पुलिस तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
.jpeg)