देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को तहसील रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा किया। बैठक में फार्मों की सुपर चेकिंग को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने विशेष रूप से फॉर्म 6 से जुड़े मामलों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि कई स्थानों पर अपलोड किए गए आवेदनों को निरस्त किए जाने की स्थिति सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पर्याप्त कारण के किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए। मतदाताओं द्वारा किए गए संशोधन, स्थानांतरण या अन्य आवश्यक परिवर्तनों से जुड़े आवेदनों की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। बैठक में संबंधित तहसीलों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि फॉर्म-6 से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाए, जिससे मतदाता सूची का पुनरीक्षण समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा हो सके। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी बीएन सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी लंबित आवेदनों का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
.jpg)