देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए म्योरपुर पुलिस ने गुरुवार को एक महिला को 10 किलो 150 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार महिला तस्कर के दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष रामदरश राम ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने म्योरपुर स्थित एक ढाबा के पास घेराबंदी कर एक कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 10 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने मीरा देवी उर्फ गुड़िया पत्नी जितेंद्र नाथ उर्फ मुन्ना, निवासी कुंडाडीह टोला चंद्रभान नगर म्योरपुर को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि वह वर्तमान में पूर्वी परासी थाना अनपरा क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह सुरेंद्र यादव उर्फ सोनू निवासी अंजानी थाना बीजपुर और लल्लन कुमार रवानी निवासी महुली जरहा थाना म्योरपुर के साथ मिलकर गांजा की तस्करी करती थी। तीनों मिलकर गांजा को म्योरपुर से अनपरा ले जाकर किसी अज्ञात व्यक्ति को सप्लाई करते थे, जिसके बदले उन्हें अच्छी रकम मिलती थी। पुलिस के अनुसार इस अवैध कमाई से ही लल्लन कुमार रवानी ने वह कार खरीदी थी, जिससे गांजा की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में फरार आरोपियों लल्लन कुमार रवानी और सुरेंद्र यादव की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
.jpg)