देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी बीएन सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम पदार्थों की
उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है और जनमानस को अनावश्यक अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति की नियमित निगरानी की जा रही है। एलपीजी के मामले में फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए ओटीपी के माध्यम से गैस रिफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों द्वारा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए। गैस सिलेंडर के वितरण के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। गैस सिलेंडर लेकर आने-जाने वाले वाहनों को भी पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया और अन्य मीडिया प्लेटफार्मों पर फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों और वीडियो पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग और तेल कंपनियों के नोडल अधिकारियों के साथ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके।
.jpeg)