आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला भले ही छोटा दिख रहा हो, लेकिन किराना दुकानदार की कथित दबंगई के कारण विवाद बढ़ता जा रहा है।
दरवेशपुर गांव निवासी गणेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने महिमापुर गांव के पास नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक किराना दुकान से घर में बन रहे गोजिया का स्वाद बढ़ाने के लिए गरी का गोला खरीदा था। घर पहुंचने पर जब उसे काटा गया तो ऊपर से सही दिखने वाला गोला अंदर से पूरी तरह सड़ा हुआ निकला। आशंका है कि यह काफी पुराने स्टॉक का होने के कारण खराब हो गया था।
आरोप है कि जब गणेश गुप्ता खराब सामान वापस करने के लिए दुकान पर पहुंचे तो दुकानदार ने सामान बदलने या वापस लेने के बजाय उनसे अभद्रता की और डांटकर दुकान से भगा दिया।
इस संबंध में गणेश गुप्ता ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित का कहना है कि जलालपुर क्षेत्र में कई जगहों पर खराब व मिलावटी खाद्य सामग्री धड़ल्ले से बेची जा रही है और मिठाई की दुकानों पर भी मिलावटखोरी का आरोप लगता रहा है, लेकिन खाद्य विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल खराब गरी का नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा है।
गणेश गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से भी करेंगे।