आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर के कुतुबपुर क्षेत्र स्थित कृति कुंज में मारुति सुजुकी अरेना (कृति कुंज) के सामने सड़क पर गहरा गड्ढा बन जाने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि एजेंसी में गाड़ियों की धुलाई के बाद निकलने वाला पानी लगातार सड़क पर बहने के कारण सड़क की सतह धंस गई है, जिससे वहां खतरनाक गड्ढे बन गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। इससे ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खो देते हैं और वाहन पलट जाने से सवार लोग घायल हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह मार्ग नेशनल हाईवे 135ए से जुड़ा हुआ है और अयोध्या धाम जाने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। इसी मार्ग से वाराणसी, मिर्जापुर और शाहगंज सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों के लिए लोगों का आवागमन होता है। साथ ही शीतला माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं, जिससे यातायात का दबाव लगातार बना रहता है।
लोगों का आरोप है कि एजेंसी के सामने सड़क किनारे लगभग चार फुट चौड़ी पटरी पर अतिक्रमण कर पार्किंग बना दी गई है और दोनों ओर बड़े-बड़े साइन बोर्ड लगा दिए गए हैं। इससे सड़क की वास्तविक चौड़ाई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद अब तक किसी राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि ने आगे आकर जिम्मेदारी नहीं ली है।
मौके पर पहुंचे ज़ेड एफ एम न्यूज ग्रुप के संवाददाता इम्तियाज अहमद ने स्थिति का जायजा लिया तो पाया कि एजेंसी परिसर से एक पुलिया के माध्यम से धुलाई का पानी सड़क की ओर बहता दिखाई दे रहा था, जबकि आसपास के अन्य मकानों से ऐसा कोई पानी नहीं निकल रहा था। एजेंसी के मालिक से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि संभावित बड़े हादसों को रोका जा सके।