आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के शाहगंज विकास खंड अंतर्गत बरंगी गांव की बेटी डॉ. हनीफा ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
डॉ. हनीफा की इस उपलब्धि पर उनके पिता आफताब अहमद और माता गुड़िया आफताब शेख ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों ने भी खुशी जताते हुए इसे पूरे परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
जैसे ही यह खबर बरंगी गांव पहुंची, ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने कहा कि डॉ. हनीफा की उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
बताया जाता है कि डॉ. हनीफा की शुरुआती शिक्षा मानी कलां स्थित डॉ. वकील नजीर इंटर कॉलेज से हुई। कॉलेज के संस्थापक डॉ. वकील अहमद ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी थीं और हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करती थीं।
आगे की पढ़ाई के लिए उनके पिता उन्हें मुंबई ले गए, जहां उन्होंने मेडिकल शिक्षा प्राप्त की और निरंतर परिश्रम के बल पर आज यह मुकाम हासिल किया।
इस उपलब्धि पर उनके ससुर असद सिद्दीकी समेत परिजन निसार अहमद, तुफैल अहमद, मिर्जा इमरान बेग, हाजी खुर्शीद अहमद, डॉ. वकील अहमद, डॉ. शमीम अहमद, डॉ. शकील अहमद, शहनवाज अहमद, सदाब अहमद और शाहबाज अहमद सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।