आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय, जौनपुर नगर में गुरुवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीराम कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। गाजे-बाजे, जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष और पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं के सिर पर सजे मंगल कलशों ने पूरे नगर के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गोला बाजार स्थित रामलीला मैदान से निकली यह विशाल और आकर्षक कलश यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रियों का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे पूरा नगर राममय हो उठा।
कथा स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजन-अर्चन, कीर्तन और भव्य आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति के इस दिव्य संगम ने उपस्थित हर श्रद्धालु को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि यह नौ दिवसीय श्रीराम कथा 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा का वाचन काशी के पूज्य संत सुधीरानंद जी महाराज द्वारा किया जाएगा, जो अपने मुखारविंद से श्रीराम चरित का अमृत बरसाएंगे।
श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग कथा श्रवण के लिए पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।