आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर, जौनपुर मड़ियाहूँ तहसील के रामपुर विकास खण्ड अंतर्गत ग्रामसभा ठाठर स्थित बसुही नदी के गोदाम घाट पर बहुप्रतीक्षित सेतु निर्माण कार्य को आखिरकार स्वीकृति मिल गई है। अपना दल (एस) के मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर.के. पटेल के सतत एवं कर्मबद्ध प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है और वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति के लिए विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति मड़ियाहूँ विधानसभा की समस्त जनता की ओर से कोटि-कोटि आभार एवं हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह सेतु क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से प्रमुख मांग थी, जिसके अभाव में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, खासकर बरसात के मौसम में।
अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष लालबहादुर पटेल ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक के प्रयासों से यह सेतु न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से आसपास के गांवों का संपर्क बेहतर होगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।
शासन द्वारा राज्य योजनान्तर्गत (ग्रामीण) वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद जौनपुर के मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ठाठर गोदाम घाट, बसुही नदी पर सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग, सुरक्षात्मक कार्य एवं भूमि अधिग्रहण हेतु कुल 1846.79 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में सुविधा के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।