कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अन्तर्गत ग्राम जमुनीपुर में लगभग दर्जन भर लोगों ने एक निजी विद्यालय पर जमकर तोड़फोड़ कर विरोध करने पर विद्यालय पर मौजूद महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। मालूम हो विद्या के मन्दिर में इस तरह का उत्पात मचाने वाले दबंगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन 15दिन बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं। घटना विगत 6 तारीख की है जब प्राथमिक विद्यालय चलाने वाली भानमती पत्नी राधेश्याम वर्मा अपने निजी विद्यालय में बैठी हुई थी बच्चों की छुट्टी हो चुकी थी। इस दौरान श्यामनरायन, अरविन्द, शैलेन्द्र, अजय, अनीता, नमिता, बीनू, प्रियंका, हिमांशु वर्मा एक राय होकर विद्यालय में घुस गए और गाली गलौज देते हुए विद्यालय में लगे नल, टोटी, दरवाजे को तोड़ दिया। जब भानमती ने विरोध किया तो दबंग कमरे में घुस आए और बाहर खींचकर लाठी डंडों ईंट से मार कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची गांव की दूसरी महिला को भी दबंगों ने मारने के लिए दौड़ा लिया और कहा कि यदि कहीं गवाही देने गई तो जान से मार डालेंगे। घटना के बाद थाने पर पहुंची भानमती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 0035/26 तो दर्ज कर लिया लेकिन कोई प्रभावी कार्यवाही न होने से पीड़ित पक्ष काफी डरा सहमा हुआ है और विपक्षी खुलेआम धमकियां दे घूम रहे हैं।