देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया।बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने पिछले माह किसान दिवस में किसानों द्वारा की गई शिकायतों के निस्तारण के संबंध में उपस्थित किसानों की समक्ष बताया गया। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक जिलाधिकारी द्वारा सुना गया और कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु कड़े निर्देश दिए गए।रतनपुरा के किसानों द्वारा शिकायत की गई की गाढ़ा ताल की सफाई कराई जाए,कुछ किसानों द्वारा शिकायत की गई कि जंगली नीलगायों द्वारा फसलों को नुकसान किया जा रहा है इसकी व्यवस्था की जाए। ग्राम पंचायत कुशमौर में क्रय केंद्र न होने की शिकायत की गई। इसी क्रम में खुखुन्दवा में सरकारी नाली पर अवैध अतिक्रमण को हटाये जाने एवं नाली का निर्माण कराए जाने की भी शिकायत की गई। हथिनी से सरवा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की गई।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तकनीक और सरकारी अनुदान का सही समन्वय आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों और अधिकारियों की आपसी समन्वय से कृषि से आय में वृद्धि होगी जनपद में ऐसे किसानों की जरूरत है जो कृषि से अपनी आय में वृद्धि किए हों जिससे जनपद के अन्य किसान प्रेरित होकर कृषि के क्षेत्र में आगे आए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और किसानों को लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिन किसानों की ई-केवाईसी लंबित है,उन्हें कृषि विभाग शिविर लगाकर पूर्ण कराए ताकि किसी भी पात्र किसान की किस्त न रुके।आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव हेतु ड्रोन तकनीक के उपयोग की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण 7 कार्य दिवसों के भीतर सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने जनपद के प्रगतिशील किसानों से कहा कि कृषि क्षेत्र से संबंधित बैंकों के माध्यम से मिलने वाले ऋण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।जिलाधिकारी ने कहा कि किसान राष्ट्र की रीढ़ हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसान तक बिना किसी बाधा के पहुँचे।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसानों के शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं अन्यथा की स्थिति में लम्बित शिकायतों पर किसानों द्वारा यदि पुनः शिकायत की गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।किसान दिवस के दौरान जिला विकास अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी,लीड बैंक मैनेजर अनिल कुमार सिन्हा,जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता सहित जनपद के प्रगतिशील किसान तथा संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।