आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। रहबर अली ख़ामेनई की शहादत की खबर फैलते ही जौनपुर नगर में मुस्लिम समाज के बीच गहरा शोक और आक्रोश देखने को मिला। खबर मिलते ही विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा घटना के प्रति कड़ा विरोध दर्ज कराया।
शहर के पानदरीबा से कल्लू के इमामबाड़े तक शोक रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोग काले बैनर और तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर हमले की निंदा और न्याय की मांग संबंधी संदेश लिखे थे। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए घटना को अन्यायपूर्ण बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।
रैली के दौरान माहौल गमगीन रहा। कई स्थानों पर लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह घटना मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत दुखद है और इससे भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विरोध लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा और रैली मार्ग पर निगरानी रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
रैली के समापन पर आयोजकों ने सभी लोगों से संयम बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। शहर में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है, हालांकि समुदाय के बीच शोक और आक्रोश स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है।