आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के कोईरीडीहा मार्केट के पास बुधवार सुबह लगभग 11:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारी लेकर जा रहा एक ऑटो तेज रफ्तार इनोवा कार की पीछे से टक्कर लगने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार ऑटो में सवार यात्री अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोईरीडीहा बाजार के पास पीछे से आ रही इनोवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलटकर गड्ढे में जा गिरा, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गुलाब चंद्र (उम्र लगभग 55 वर्ष) की मौत हो गई।एक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घायलों में निलेश (22 वर्ष), पुत्र फेकू गौतम निवासी फतेहपुर दीदारगंज जनपद आजमगढ़, इंतजार (लगभग 23 वर्ष), पुत्र मुमताज निवासी बारादूअरियां कोतवाली क्षेत्र तथा नीतू (55 वर्ष), पत्नी अजय सोनकर निवासी सुगरपुर गुरैनी खेतासराय शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है