देवल संवाददाता, आजमगढ़ । जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रेस्टोरेंट में बुलाकर जहरीला पदार्थ खिलाने के आरोप में युवक को पकड़कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही।
थाना कोतवाली क्षेत्र में रेस्टोरेंट में बुलाकर जहरीला पदार्थ खिलाने से युवती की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार वादी द्वारा थाना कोतवाली पर दी गई तहरीर में बताया गया कि उनकी बहन को एक युवक द्वारा पहले से परेशान किया जा रहा था। गुरुवार को आरोपी ने एक परिचित के माध्यम से युवती को शहर के एक रेस्टोरेंट में बुलाया। आरोप है कि वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और मारपीट की गई। विरोध करने पर आरोपी ने जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।
इस मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी राहुल चौहान को प्राइवेट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को पहले से जानता था और आपसी विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिससे स्थिति बिगड़ गई। उसने दावा किया कि पीड़िता ने खुद जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। घटना के बाद वह घबराकर मौके से फरार हो गया था।