देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी बिजनेस प्रोफाइल बनाकर ग्राहकों को सस्ते प्रोडक्ट का लालच देते थे और क्यूआर कोड के जरिए एडवांस भुगतान लेकर धोखाधड़ी करते थे। पुलिस के अनुसार, 9 मार्च 2026 को गुजरात के अहमदाबाद निवासी एक युवती ने एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शॉपिंग ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान 24 मार्च को आजमगढ़ के कोतवाली क्षेत्र स्थित कोलबाजबहादुर में दबिश देकर दो अभियुक्तों अवन राजभर (22) और प्रियांशू यादव (19) को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी “Ganga Hills, Ganga_hills, Ganga cloth, Velside.clothing, Velside_clothing” नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाकर ग्राहकों को आकर्षक विज्ञापन दिखाते थे। ग्राहक जब संपर्क करते थे तो उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से प्रोडक्ट की फोटो-वीडियो भेजकर भरोसे में लिया जाता था और क्यूआर कोड के जरिए एडवांस पेमेंट कराया जाता था। भुगतान मिलने के बाद या तो घटिया सामान भेजा जाता था या फिर कोई पार्सल ही नहीं भेजा जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, डमी पार्सल और अन्य सामान बरामद किया है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों से जुड़े 13 बैंक खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों—असम, बंगाल, गुजरात और उत्तर प्रदेश से कुल 27 शिकायतें दर्ज हैं। इस मामले में थाना साइबर क्राइम पर बीएनएस की धाराओं 318(4), 319(2), 317(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में महिला निरीक्षक विभा पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
