आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलों गांव में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब दो मनबढ़ युवकों ने पिता-पुत्र पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इमलों गांव निवासी हृदय नारायण (लगभग 50 वर्ष) सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने पुत्र आदर्श कुमार (लगभग 18 वर्ष) के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों घर के पास पहुंचे, जनरल स्टोर के बगल में सब्जी बेचने वाले दो युवकों ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने पिता-पुत्र के सिर पर कई वार किए, जिससे दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हृदय नारायण की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि आदर्श कुमार का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही भंडारी पुलिस चौकी प्रभारी जयदीप कोल अपने सहयोगी जवानों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों व परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रह सके।