आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नामित सभासद पंकज श्रीवास्तव ‘हैप्पी’ का कायस्थ समाज के लोगों ने जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश महासचिव एवं जिलाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव के आवास पर किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पंकज श्रीवास्तव का सभासद पद पर नामित होना पूरे कायस्थ समाज के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाते हुए समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और अपने कार्यों से समाज का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर जय आनंद ने कहा कि पंकज श्रीवास्तव नगर पालिका में कायस्थ समाज का सशक्त प्रतिनिधित्व करेंगे और समाज से जुड़े छोटे-बड़े सभी मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सदन में उठाएंगे। वहीं दया शंकर निगम, आशीष श्रीवास्तव तथा प्रधानाचार्य संजीव श्रीवास्तव ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और जनसेवा को सर्वोपरि रखने की सलाह दी।
अपने संबोधन में पंकज श्रीवास्तव ‘हैप्पी’ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
कार्यक्रम में श्याम रतन श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, अमित निगम सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव संजय अस्थाना ने किया, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।