आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज, जौनपुर। इलाके में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत ने आमजन से लेकर किसानों तक की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई पेट्रोल पंपों के टैंक खाली होने की कगार पर पहुंच गए हैं, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध है वहां सुबह से ही खरीदारों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। स्थिति ऐसी बन गई है कि पंप संचालकों और कर्मचारियों को भीड़ संभालना मुश्किल हो रहा है।
सुबह होते ही पेट्रोल पंपों पर दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहनों की लाइनें लग जा रही हैं। घंटों इंतजार के बावजूद कई वाहन चालक बिना ईंधन लिए ही लौटने को मजबूर हो रहे हैं। कुछ पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी और बेचैनी साफ देखी जा रही है। कई स्थानों पर जल्दबाजी और भीड़ के कारण कहासुनी की स्थिति भी बन रही है।
ईंधन संकट का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। इस समय रबी फसल की कटाई और खेतों की सिंचाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है, ऐसे में डीजल की कमी ने खेती-किसानी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। किसान ट्रैक्टर और पंपसेट के लिए डीजल की व्यवस्था करने हेतु एक पेट्रोल पंप से दूसरे पंप तक भटकने को मजबूर हैं। इससे उनके समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है तथा फसल कार्य प्रभावित हो रहा है।
वहीं दूसरी ओर गंभीर रूप से बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक परिवहन और निजी वाहनों में ईंधन की कमी के कारण लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल पाना मुश्किल होता जा रहा है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई बाधित होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। डिपो पर कई-कई दिनों से टैंकर खड़े होने के बावजूद समय पर आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। जैसे ही किसी पंप पर टैंकर पहुंचता है, कुछ ही घंटों में पूरा स्टॉक खत्म हो जाता है। कर्मचारियों को लगातार बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और विवाद की स्थिति से निपटने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखने की बात कही जा रही है, लेकिन फिलहाल आम लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। यदि जल्द ही ईंधन की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि ईंधन उपलब्ध होने पर गैलन आदि में तेल न दिया जाए तथा वाहनों में भी सीमित मात्रा में ही आपूर्ति की जाए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
