कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने चेयरमैन पावर कॉर्पोरेशन के निर्देशानुसार आज कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनपद की विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे, माननीय सांसद लाल जी वर्मा, विधायक अकबरपुर रामअचल राजभर, विधायक टांडा राम मूर्ति वर्मा, प्रतिनिधि माननीय विधायक कटेहरी एवं प्रतिनिधि विधायक जलालपुर सहित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं समस्त अधिशासी अभियंता विद्युत उपस्थित रहे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों, उनके द्वारा स्वीकृत कार्यों, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा आगामी ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सांसद एवं विधायक निधि के अंतर्गत चल रहे कार्यों की विधानसभावार समीक्षा करते हुए समस्त अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि अवशेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। मुख्य अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि शेष कार्यों को मार्च माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी पूर्ण कार्यों की सूची संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने, कार्यों का उद्घाटन उनके कर-कमलों द्वारा कराने तथा स्थल पर सूचना पट्ट (बोर्ड) स्थापित करने के निर्देश दिए।
आरडीएसएस योजना की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जनपद में एबी केबल के अंतर्गत क्षतिग्रस्त/खुले कंडक्टर के प्रतिस्थापन का कार्य 1608 किमी के सापेक्ष 1607 किमी तक पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने पूर्ण कार्यों का विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, बैठक में जनपद के ऐसे मजरों का विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जहां अब तक विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं है, विशेषकर शून्य से पांच एवं पांच से अधिक घरों वाली आबादी वाले मजरे। साथ ही आबादी के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों के शिफ्टिंग के संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।