देवल संवाददाता, आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर पूरैनिया के पास घाघरा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतपुर परशुरामपुर गांव निवासी अजमत पुत्र अकील अहमद किसी कार्य से गंगापुर पूरैनिया गया था। इसी दौरान घाघरा नदी के किनारे उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाते हुए बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक नदी में समा गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों के सहयोग से खोजबीन कर युवक के शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
