देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी, मिशन शक्ति 5.0) के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं
ग्राम सभाओं में संवाद स्थापित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान गुड टच बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी प्रावधान, हेल्पलाइन सेवाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न बाजारों में एसिड, तेजाब विक्रय करने वाली दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध पहचान पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के एसिड का विक्रय न किया जाए। डॉ. चारु द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहना और सही जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।
.jpeg)