देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में शासन के निर्देशानुसार परिषदीय परीक्षा-2026 के मूल्यांकन कार्य में नियुक्त उप-प्रधान परीक्षकों का प्रशिक्षण मंगलवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं उप-नियंत्रक डा. रंजना शुक्ला, परीक्षा सहायक बंदना सिंह तथा चंदा यादव प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहीं। उप-प्रधान परीक्षकों को उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और निर्देशित किया गया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ मूल्यांकन कार्य संपन्न कराएं। द्वितीय चरण में अपराह्न 1 बजे से 3 बजे तक मूल्यांकन में नियुक्त परीक्षक एवं अंकेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें लगभग सभी संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उप-नियंत्रक डॉ. रंजना शुक्ला ने बताया कि इस बार मूल्यांकन केंद्र एवं कक्ष में मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बंदना सिंह ने परीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी गरिमा और जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न न हो। चंदा यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान निशा सिंह, भावना रानी, सीमा, अर्चना, नेहा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
.jpeg)