देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। संस्था जन कल्याण ग्रामोद्योग सेवा आश्रम द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से ग्राम बहुअरा में एकदिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 65 दिव्यांगजन शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विद्या देवी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या देवी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर दिव्यांगजन रिंकू ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्या देवी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें दिव्यांग पेंशन योजना, साइकिल व ट्राई साइकिल योजना, इलेक्ट्रिक साइकिल योजना सहित अन्य योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया। रिंकू द्वारा कपड़ा सिलाई कार्य, रमेश व सुरेंद्र द्वारा हाथ से बनाए गए कागज के थैले तथा शिवकुमार द्वारा तैयार की गई मोमबत्तियों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्य अतिथि ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रतिभागियों को आवश्यक सुझाव दिए और बताया कि वे अपने हुनर को आगे बढ़ाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जुड़ने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी दिव्यांगजनों को उपहार वितरित
किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर संस्था के कार्यकर्ता रोहित विश्वकर्मा, कुतुबुद्दीन, अनीश मौर्या, शालिनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
.jpeg)