देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद के समग्र विकास और लंबित परियोजनाओं को लेकर सांसद छोटेलाल खरवार ने केंद्र सरकार के समक्ष विभिन्न मांगें उठाई हैं। क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
सांसद ने पत्र में विशेष रूप से रीवा-रांची फोरलेन मार्ग के अधूरे पड़े हिस्सों को जल्द पूरा कराने की मांग की। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण का मुद्दा उठाया। इनमें हाथीनाला से शक्तिनगर होते हुए छत्तीसगढ़ तक फोरलेन सड़क, विंढमगंज से कचनरवा कोन मार्ग, कोन से तेलगुड़वा रोड, बकरिहवां से विजपुर मार्ग तथा औनी मोड़ से शक्तिनगर मार्ग शामिल हैं। सांसद का कहना है कि ये सड़कें सोनभद्र को पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन हैं, लेकिन कई स्थानों पर निर्माण अधूरा है या सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा सांसद ने रेल सेवाओं के
संचालन का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर त्रिवेणी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को पूर्व की तरह पुनः संचालित करने की मांग की। सांसद ने क्षेत्र के व्यापक विकास, सड़क, रेल और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र सौंपकर विभिन्न परियोजनाओं पर ध्यान देने का अनुरोध किया है। सांसद छोटेलाल खरवार का कहना है कि यदि इन सड़कों का निर्माण शीघ्र पूरा हो जाए और बंद पड़ी रेल सेवाएं फिर से शुरू हो जाएं, तो इससे न केवल सोनभद्र बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
.jpeg)