आमिर, देवल ब्यूरो ,चौकियां धाम, जौनपुर। वासंतिक नवरात्र के छठवें दिन जनपद के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी का दर्शन-पूजन कर सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार नवरात्र के छठवें दिन मां कात्यायनी की पूजा का विशेष महत्व होता है। उन्हें विवाह, साहस और सफलता की देवी माना जाता है। इस दिन पीले या लाल वस्त्र धारण कर माता को पीले फूल, शहद तथा अन्य भोग अर्पित करने और “ॐ देवी कात्यायन्यै नमः” मंत्र का जाप करने से वैवाहिक जीवन से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं। श्रद्धालुओं ने श्रृंगार की वस्तुएं, कुमकुम, हल्दी और चंदन अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रातःकाल लगभग 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही माता रानी का भव्य श्रृंगार किया गया और मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने विधि-विधान से आरती-पूजन कराया। कपाट खुलने से पहले ही ब्रह्म मुहूर्त से दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई थी। मंदिर परिसर में दुर्गा सप्तशती पाठ, वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-पूजन, जयकारों और घंटों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कतार में खड़े श्रद्धालु बारी-बारी से दर्शन करते नजर आए। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार, कढ़ाही चढ़ाना, पूजन-अर्चन जैसे धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए और परिवार सहित मां के चरणों में मत्था टेककर सुख-शांति, धन-वैभव और यश की कामना की। वहीं व्रती महिलाओं ने अपने घरों में भी विधि-विधान से दुर्गा सप्तशती पाठ कर आरती-पूजन किया।
दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में स्थित पवित्र कुंड के पास बने काल भैरवनाथ और मां काली मंदिर में भी पूजन-अर्चन किया। सोमवार होने के कारण भक्तों की भीड़ देर शाम तक बनी रही और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मंदिर परिसर में चौकियां चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों एवं पीएसी बल के साथ मुस्तैद नजर आए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन करने में सहायता मिली।
