बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे के दौरान सलमान अली आगा का रन आउट लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस रन आउट की कारण सलमान आगा की लगातार बेइज्जती हो रही है। हालांकि, कई क्रिकेटर्स ने आगा का बचाव किया है।
आगा ने भी मैच के बाद खेल भावना की बात की। वहीं मेहदी हसन मिराज ने कहा, "वह विकेट से दूर थे और मैं गेंद को देख रहा था। अगर आप मिस करोगे तो वह रन के लिए जाएंगे। तो मैं इस तरह से सोच रहा था।"
पुलिस ने लिए मजे
इन सब के बीच सलमान आगा के पाकिस्तान में ही मजे लिए जा रहे हैं। रावलपिंडी ट्रैफिक पुलिस ने आगा की खिल्ली उड़ाई है। रावलपिंडी पुलिस ने एक्स पर आगा के रन आउट पर मजेदार पोस्ट किया और लोगों को सुरक्षा और सतर्कता की मिसाल दी। इस पोस्ट में सलमान अली आगा के रन आउट की तस्वीर शेयर की गई है।
इसके साथ ही कप्शन में लिखा गया, "चाहे सड़क हो या खेल का मैदान, सुरक्षा की शुरुआत व्यक्तिगत जिम्मेदारी से होती है। स्वयं पर भरोसा रखें, सतर्क रहें और स्वयं को और दूसरों को सुरक्षित रखने के लिए समझदारी भरे निर्णय लें।"
39वें ओवर का है मामला
13 मार्च को ढाका के शेरे बांग्ला राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में यह घटना हुई। मिराज की गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने हल्के हाथों से सामने की ओर शॉट लगाया। गेंद नॉन स्ट्राइक एंड से रन के लिए आगे बढ़ चुके सलमान आगा के पैड और फिर बैट से टकराई।
सलमान इस गेंद को डेड मानकर उठाने लगे, वहीं मिराज ने इसे उठाकर सीधे विकेट पर दे मारा और रन आउट की अपील कर दी। चूंकि, आगा क्रीज से बाहर थे, ऐसे में तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। आगा शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 62 गेंदों पर 64 रन की पारी खेली। आगा के रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।