अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का आज 16वां दिन है। ईरान ने आज दुबई के मरीना और अल सुफौह इलाकों में जोरदार धमाके किए। ईरानी हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह तेल टर्मिनल पर काम रुक गया।
ईरान ने कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी हमला किया, लेकिन इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
फुजैराह तेल टर्मिनल पर हमला
फुजैराह तेल टर्मिनल पर इतना बड़ा हमला हुआ कि दूर से ही गहरे काले धुएं के बादल नजर आए। अधिकारियों ने घंटों तक आग बुझाने की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि जॉर्डन का एक नागरिक घायल हो गया है।
ईरान से आने वाली मिसाइल और ड्रोन को मार गिराया। शुक्रवार को शहर के व्यस्त डाउनटाउन इलाके से भी ऐसी ही घटनाएं सामने आईं।
ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर अब तक 1800 से ज्यादा मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। ईरान ने सबसे ज्यादा हमले यूएई पर ही किए हैं। इनमें 1600 ड्रोन, 294 बैलिस्टिक मिसाइलें और 15 क्रूज मिसाइलें शामिल हैं।
इन हमलों में छह लोगों की मौत हो गई और 141 अन्य घायल हो गए। अकेले शनिवार को ही UAE की ओर नौ बैलिस्टिक मिसाइलें और 33 ड्रोन दागे गए।
UAE ने 10 विदेशियों को हिरासत में लिया है, जिन पर सोशल मीडिया पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के फुटेज पोस्ट करने का आरोप है।
अमेरिका ने खर्ग द्वीप पर किया हमला
अमेरिका ने ईरान के खर्ग द्वीप पर हमला किया था। अमेरिका के इस हमले के बाद ईरान ने यूएई और कुवैत में हमले किए हैं। खर्ग द्वीप में ईरान के 90 प्रतिशत तेल की प्रोसेसिंग होती है।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान के हर सैन्य लक्ष्य को पूरी तरह तबाह कर दिया है, लेकिन फारसी खाड़ी में स्थित खर्ग द्वीप पर ऊर्जा सुविधाओं को छोड़ दिया है।