देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों के रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में 1 से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। गुरुवार को मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने जिलाधिकारी बीएन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में मलेरिया ट्रीटमेंट कार्ड का लोकार्पण किया।
मण्डलायुक्त ने बताया कि इस कार्ड के माध्यम से मलेरिया रोगियों की ट्रैकिंग और उनके पूर्ण उपचार की निगरानी आसान होगी। ब्लॉक स्तर पर लैब टेक्नीशियन द्वारा कार्ड भरा जाएगा तथा आशा कार्यकर्ता रोगियों का उपचार सुनिश्चित करेंगी, उन्होंने इसे मलेरिया प्रभावित जनपद के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इसके उपरांत जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर निकाय, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं और अधिक से अधिक जनजागरूकता फैलाएं। दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, क्षय, कुष्ठ, फाइलेरिया, आईएलआई जैसे रोगों के मरीजों की पहचान करेंगी। कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोषाहार उपलब्ध कराएंगी तथा आवश्यकता अनुसार एनआरसी रेफरल और आभा आईडी सृजन का कार्य भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना के समय बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, संक्रामक रोगों से बचाव और बुखार होने पर क्या करें और क्या न करें के बारे में जागरूक किया जाए। सभी स्कूलों में साबुन या हैंडवॉश की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों को डम्पिंग यार्ड की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने तथा कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम विकास विभाग को गांवों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य कराने को कहा गया। पशुपालन और कृषि विभाग को स्क्रब टाइफस व लैप्टोस्पायरोसिस जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए, जबकि पंचायत राज विभाग को वीएचएसएनसी फंड के समुचित उपयोग और निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने को कहा गया।
.jpeg)