आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। नगर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का चक्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के अवसर पर कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए सभी समुदायों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए शांति कायम रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और गड़बड़ी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे होली का पर्व प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि जनपद में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।
फ्लैग मार्च के दौरान नगर में पुलिस की सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी।