देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। आगामी ज्वालामुखी मेला की तैयारियों को लेकर ज्वालामुखी मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, मेला समिति और मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लेकर मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में दुद्धी उपजिलाधिकारी निखिल यादव, क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अभय सिंह, मंदिर के प्रधान पुजारी श्लोकी मिश्रा तथा पिछले वर्ष के मेला संचालक आशीष चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पूर्व मेला संचालक आशीष चौबे ने मेले से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर एनटीपीसी लिमिटेड से समन्वय कर मेला परिसर को सीसीटीवी कैमरों
से कवर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। अधिकारियों ने मेला समिति से कमेटी के सदस्यों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा, ताकि प्रशासन को समन्वय में आसानी हो सके। साथ ही मेले में व्यवस्था संभालने के लिए स्वयंसेवकों की सूची भी देने के निर्देश दिए गए, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहयोग दिया जा सके। बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि दुकानों के अव्यवस्थित ढंग से लगने से वाहनों की आवाजाही और पैदल चलने में दिक्कत होती है। इस पर अधिकारियों ने निर्देश दिया कि दुकानें निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाएं और प्रबंधन द्वारा स्थान का उचित निर्धारण किया जाए, जिससे मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
.jpeg)