टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में रविवार, 8 मार्च को भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया और तीसरी बार ट्रॉफी जीती। इस जीत के बाद भारत को हर ओर से बधाइंया मिल रही हैं। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका पर अपनी भड़ास निकाली है। वॉन ने कहा कि साउथ अफ्रीका की वजह से भारतीय टीम चैंपियन बनी है।
सबसे बेवकूफ टीम
वॉन ने कहा, "टी20 विश्व कप 2026 की सबसे बेवकूफ टीम कौन होगी? साउथ अफ्रीका। उन्होंने सुपर-8 के अपने दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को नहीं हराया होता, तो भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाता। शायद टीम इंडिया विश्व कप से ही बाहर हो जाती। मेरा कहने का मतलब है कि अगर उन्होंने वेस्टइंडीज को जीतने दिया होता, तो भारत की बढ़ती ताकत रुक जाती। उस मैच को जीतकर उन्होंने भारत को मौका दिया।"
भारत की टेंशन बढ़ सकती थी
दरअसल, साउथ अफ्रीका चाहती तो भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर सकती थी। साउथ अफ्रीका ने अपने पहले मैच में भारत को हराया था। इसके बाद उनका सामना वेस्टइंडीज से हुआ था। वेस्टइंडीज अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे को मात दे चुकी थी। अगर साउथ अफ्रीका सुपर-8 के अपने दूसरे मैच में विंडीज टीम से हार जाती तो उनके 2 और वेस्टइंडीज के 4 प्वाइंट होते।
जिम्बाब्वे को हराना होता
साउथ अफ्रीका को सुपर-8 के आखिरी मैच में जिम्बाब्वे से टकराना था। ऐसे में वह जिम्बाब्वे को हराकर 4 अंक कर सकते थे। साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराया भी था। भारतीय टीम ने सुपर-8 के पहले मैच में हारने के बाद जोरदार वापसी की और अगले दोनों मुकाबले जीते। टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराया। अगर साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज से हार जाता तो इस कंडीशन में तीनों टीमों के 4-4 अंक होते। अगर, भारत का नेट रन रेट साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से कम होता तो यह टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाती।
नेट रन रेट होता अहम
हालांकि, साउथ अफ्रीका नेट रन रेट के जाल में नहीं फंसना चाहती थी। इतना ही नहीं जिम्बाब्वे ने भी विश्व कप में बड़ा उलटफेर किया था। जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में हार का मुंह नहीं देखा था। इस टीम ने ऑस्ट्रेलिया और मेजबान श्रीलंका को मात दी थी। ऐसे में साउथ अफ्रीका टीम सुपर-8 में रिस्क नहीं ले सकती थी। एडेन मार्कराम की कप्तानी वाली टीम तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची, जहां उन्हें न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा।