आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक,जौनपुर। जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक ने तीन दिन पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई न होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोबरा गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्र (पुत्र रामचरन) की रविवार रात करीब 10 बजे हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि गांव के ही विष्णु मिश्रा और उसके कुछ साथियों से सच्चिदानंद की पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि बीते कई दिनों से उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। इसी खतरे को देखते हुए सच्चिदानंद ने तीन दिन पूर्व चंदवक थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और मामले को टालती रही। इस बीच युवक द्वारा दी गई शिकायत का वीडियो और प्रार्थना पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
मृतक के पिता रामचरन के मुताबिक घटना वाली रात किसी व्यक्ति ने उनके बेटे को फोन कर विष्णु के पाही (मकान) पर बुलाया था। वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह वारदात टल सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने वीडियो बयान जारी कर बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी विष्णु मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उसे मृतक के अपनी पत्नी के साथ संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने सच्चिदानंद के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
उधर मृतक के परिजन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।