आमिर, देवल ब्यूरो ,मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। क्षेत्र के बरजी गाँव से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार की बेटी और बहू ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में एक साथ सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि से पूरे परिवार ही नहीं, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्र में भी खुशी की लहर दौड़ गई है।
बरजी गाँव निवासी अखिलेश शुक्ल के परिवार में उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब पीसीएस परीक्षा के परिणाम घोषित हुए। उनकी पुत्री आकृति शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिप्टी एसपी पद हासिल किया, जबकि उनकी बहू श्रेया शुक्ला का चयन वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर हुआ। एक ही घर से दो महत्वपूर्ण पदों पर चयन होने से पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ा है।
परिवार की पृष्ठभूमि भी शैक्षिक और प्रशासनिक रही है। अखिलेश शुक्ल हाल ही में सीडीए पेंशन प्रयागराज से सीनियर ऑडिटर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके बड़े भाई शेषधर शुक्ल श्रम विभाग में अपर श्रमायुक्त पद से सेवानिवृत्त हुए, जबकि दूसरे भाई के.के. शुक्ल सहायक निबंधक पंजीयन के पद से रिटायर हुए हैं। ऐसे में परिवार में शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं की परंपरा पहले से ही रही है, जिसे अब नई पीढ़ी ने और आगे बढ़ाया है।
बेटी और बहू की इस संयुक्त सफलता से परिवार में खुशी का माहौल ऐसा है मानो होली और दीपावली एक साथ मनाई जा रही हो। गांव और आसपास के लोग बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं और इस उपलब्धि पर गर्व जता रहे हैं।
आकृति शुक्ला और श्रेया शुक्ला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के आशीर्वाद और निरंतर मिले प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था।
इस दोहरी सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है और युवाओं के लिए यह एक प्रेरणा बन गई है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
.jpeg)