देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। बीजपुर थाना अंतर्गत सिरसोती ग्राम पंचायत के महुआबारी गांव में मंगलवार रात घरेलू विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर सब्बल से वारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका सुमन कुमारी उम्र 26 वर्ष का विवाह आश्रम मोड़ निवासी कन्हैया के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते सुमन पिछले कई वर्षों से अपने मायके महुआबारी में अपनी मां के साथ रह रही थी। हालांकि कुछ माह पूर्व आपसी सहमति से कन्हैया भी ससुराल आकर रहने लगा था। दंपति के चार बच्चे हैं। बताया गया कि रात में सुमन मोबाइल देख रही थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कन्हैया ने आपा खो दिया और घर में रखे सब्बल से सुमन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद उसने सब्बल को पेट में घुसा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में सुमन को एनसीएल रिहंद स्थित धनवंतरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका की मां सीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
