आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में एलपीजी गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव उषा जायसवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने नाली में पाइप डालकर गैस से चाय बनाने का प्रयास किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस सांकेतिक विरोध ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए “नाली से गैस बनाने” के दावे को आजमाने की कोशिश की गई, लेकिन यह पूरी तरह असफल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दावा हकीकत से काफी दूर है और इससे आम जनता को गुमराह किया गया है।
उषा जायसवाल ने कहा कि आज देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत और कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। रसोई चलाना गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए बेहद मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक गैस की कीमतों में राहत नहीं दी जाती और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं की जाती, तब तक समाजवादी महिला सभा का यह सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।
इस मौके पर पूनम यादव, पिंकी गुप्ता, सुशील यादव, मालती निषाद, शिल्पा जायसवाल, प्रीति जायसवाल, चंदा निषाद, पूनम निषाद समेत कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और उन्होंने भी महंगाई व गैस संकट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।