संतोष,देवल ब्यूरो,आजमगढ़। विकास खंड कोयलसा के काबिरुद्दीनपुर गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय अपनी बेहतर शिक्षा व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के कारण क्षेत्र में एक मिसाल बनता जा रहा है। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और अनुशासित वातावरण की ग्रामीणों द्वारा लगातार सराहना की जा रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में जो भी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, उन्हें विद्यालय में पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ लागू किया गया है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ विद्यालय में स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय, मिड-डे मील सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करना है। इसके लिए शिक्षकगण भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को पढ़ाने में जुटे रहते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कंपोजिट विद्यालय काबिरुद्दीनपुर में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श के रूप में उभर कर सामने आ रहा है।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि आगे भी सरकार की योजनाओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ लागू करते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।