देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बढ़ती कालाबाजारी और जमाखोरी को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य व सोनभद्र जिला कौंसिल के जिला सचिव कामरेड आर. के. शर्मा ने इस मुद्दे पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आम जनता को हो रही परेशानियों को तत्काल दूर करने की मांग की है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में भाकपा नेता ने कहा कि मौजूदा स्थिति में घरेलू उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई गैस एजेंसियों ने ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी लगभग बंद कर दी है, जिससे उपभोक्ताओं को गोदाम से मनमाने दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र में कालाबाजारी तेजी से बढ़ रही है। कामरेड आर. के. शर्मा ने कहा कि एलपीजी संकट केवल आपूर्ति की कमी का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे प्रशासनिक लापरवाही, अदूरदर्शिता और कुछ स्तरों पर संभावित मिलीभगत भी जिम्मेदार है। इसका असर न केवल होटल और भोजनालयों पर पड़ रहा है, बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई भी प्रभावित हो रही है। भाकपा ने मांग की है कि प्रशासन गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखे, कालाबाजारी और जमाखोरी पर तत्काल रोक लगाए तथा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस सिलेंडर की सुचारू और आसान होम डिलीवरी सुनिश्चित कराए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
.jpeg)