आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि की अध्यक्षता में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में जनपद कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और बंदियों की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों के रहन-सहन, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान दिव्यांग बंदियों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय भी देखने को मिला। पात्रता के आधार पर तीन दिव्यांग बंदियों को व्हीलचेयर एवं तीन को बैसाखी वितरित की गई। इस पहल से उनके दैनिक जीवन को सरल और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने निर्देश दिया कि कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं समयबद्ध और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जाएं। वहीं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने तथा भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कारागार की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) श्वेता यादव, जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, जेलर अजय कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
