देवल संवादाता,वाराणसी।योगी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में वाराणसी में आयोजित आठ दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी का गुरुवार को नाटी इमली स्थित ऐतिहासिक भरत मिलाप मैदान में समापन हुआ। प्रदर्शनी का समापन प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने किया।
मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। कानून व्यवस्था में सुधार, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण और पारदर्शी प्रशासन ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है।
योगी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। गरीबों को आवास, किसानों को सम्मान निधि, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और मेट्रो जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं विकास के प्रतीक बन चुकी हैं। साथ ही, मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से आम जनता को बेहतर इलाज उपलब्ध हो रहा है।
प्रदर्शनी 19 से 26 मार्च तक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा उपलब्धियों को चित्रों, चार्ट और मॉडल आदि माध्यमों के जरिए आम जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के समग्र विकास की तस्वीर को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। विकास की गाथा को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया, साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेशवासियों के नाम लिखी जा रही "पाती" को भी इस चित्र प्रदर्शनी में जनसामान्य के अवलोकनार्थ प्रदर्शित किया गया, जो विशेष रूप से आकर्षण बना रहा।
प्रदर्शनी में बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि, रोजगार सृजन, निवेश और कानून व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में हुए सुधारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
