देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह पटेल की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने हिन्दुआरी तिराहे पर प्रदर्शन कर अमेरिकी राष्ट्रपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका फोटो जलाकर लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने वैश्विक ऊर्जा संकट और गैस-तेल की बढ़ती समस्या के लिए ट्रम्प की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
विवेक सिंह पटेल ने कहा कि ट्रम्प की तानाशाही भारत पर नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा गुटनिरपेक्ष नीति का समर्थक रहा है और वैश्विक युद्धों का खामियाजा भारत की जनता को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की स्थिति के कारण देश में ऊर्जा संकट गहरा गया है, जिससे गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ गई है और एलपीजी से चलने वाले वाहनों के साथ होटल व रेस्तरां भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की राम रसोई से लेकर काशी की मां अन्नपूर्णा रसोई तक गैस संकट के कारण प्रभावित हुई हैं। ट्रम्प द्वारा बार-बार टैरिफ बढ़ाने की धमकी देना और वैश्विक राजनीति में दबाव की नीति अपनाना भारत की संप्रभुता पर हमला है, जिसे सच्चे समाजवादी बर्दाश्त नहीं करेंगे। लोहिया वाहिनी के जिला पदाधिकारी अतुल दुबे और युवा नेता संतोष कुमार सिंह ने कहा कि भारत भगवान बुद्ध की भूमि है और दुनिया को युद्ध नहीं बल्कि शांति का रास्ता अपनाना चाहिए। उनका कहना था कि वैश्विक संघर्षों के कारण तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता पर संकट गहरा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक ऊर्जा संकट समाप्त कर वैश्विक स्तर पर शांति बहाल नहीं की जाती, तब तक लोहिया वाहिनी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.jpeg)