कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकर नगर जनपद के कटेहरी विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर चमुर्खा गांव में विकास कार्यों की हकीकत मीडिया की पड़ताल में सामने आई है। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक शौचालय की स्थिति बेहद खराब पाई गई। शौचालय में साफ-सफाई का अभाव दिखा तथा रखरखाव न होने से वह उपयोग के लायक नहीं दिखा।
वहीं गांव में बनाए गए कूड़ा केंद्र पर कूड़ा भरा मिला और एक वाहन खड़ा मिला, जिससे यह प्रतीत हुआ कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था कागजों तक सीमित है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमित उठान और सफाई की व्यवस्था नहीं हो रही है।हरिजन बस्ती में चल रहे नाली निर्माण कार्य में भी मानकों की अनदेखी सामने आई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सामग्री में कमी और कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।
इसके अलावा डब्ल्यू एस एल एम (WSLM) मद में कितनी धनराशि खर्च की गई, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। सूचना पट्ट अथवा सार्वजनिक विवरण न होने से पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो रहा है।ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
