देवल संवाददाता, मऊ। साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एवं इंदु इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंसेज के प्रांगण में आज ‘हिंदू-मुस्लिम एकता’ की एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं सराहनीय मिसाल देखने को मिली। संस्थान द्वारा आयोजित इस भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम ने सामाजिक सौहार्द,आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का सशक्त संदेश दिया,जिसकी उपस्थित जनसमूह ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मऊ नगर पालिका के अध्यक्ष जनाब अरशद जमाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में जनाब आबिद अंसारी जी एवं अशफाक डेनियल जी (समीम ज्वेलर्स) भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय,प्रबंधन समिति के सदस्य,समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई,जिनमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एकता और सद्भाव का संदेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह से उत्साह,उल्लास और भाईचारे की भावना से ओत-प्रोत रहा।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अरशद जमाल जी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और प्रेम को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।संस्थान के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सदैव यह प्रयास रहा है कि यह संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित न रहे,बल्कि छात्रों में नैतिकता,संस्कार और सामाजिक समरसता की भावना भी विकसित करे। उन्होंने कहा कि यहां सभी धर्मों और संस्कृतियों का समान सम्मान किया जाता है और हर त्योहार को मिलजुल कर मनाया जाता है।उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार संस्थान में होली और दीपावली को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है,उसी प्रकार ईद की मिठास भी सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण मिलकर साझा करते हैं। यही परंपरा इस संस्थान को एक विशेष पहचान प्रदान करती है।कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा नई पीढ़ी को एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों,शिक्षकों एवं छात्रों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और देश में आपसी सौहार्द एवं एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल संस्थान के लिए,बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरा, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि विविधता में ही भारत की असली ताकत निहित है।
