देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वादी द्वारा थाना मेहनाजपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि फूलेन्दर राम नामक व्यक्ति ने उसे AIIMS, रेलवे समेत विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने भरोसा जीतकर अलग-अलग किश्तों में लगभग 12 लाख रुपये ले लिए। जब पीड़ित ने नौकरी या पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में थाना मेहनाजपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें विवेचना के दौरान धारा 336(3) और 338 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
थानाध्यक्ष मनीष पाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। बुधवार को चौकी प्रभारी लालगंज उ0नि0 सुभाष तिवारी ने मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी फूलेन्दर राम को उसके गांव बरेहता (थाना तरवां) के पास पक्की सड़क से सुबह करीब 11:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।