आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिपह मोहल्ला चाचकपुर में पोल से करीब 50 स्ट्रीट लाइट गायब होने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी ने इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन से जवाब मांगते हुए नई लाइटें लगाए जाने की मांग की है।
मोहल्ला निवासी लाल बहादुर यादव पुत्र पन्ना लाल यादव ने अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि चाचकपुर क्षेत्र में लगे कई स्ट्रीट लाइट पोल से अचानक लाइटें उतार ली गई हैं। उन्होंने पूछा है कि किसके आदेश पर स्ट्रीट लाइट हटाई गईं, जिससे पूरा मोहल्ला अंधेरे में डूब गया है।
पत्र में कहा गया है कि स्ट्रीट लाइट न होने से रात के समय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरा होने के कारण चोरी-छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
लाल बहादुर यादव ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल पोल पर पुनः लगभग 50 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की है, ताकि मोहल्ले में रोशनी की व्यवस्था बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में मोहल्ले के अन्य लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और कब तक क्षेत्रवासियों को अंधेरे से निजात मिलती है।