देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चौत्र नवरात्रि के मद्देनजर चल रही सघन चेकिंग के दौरान थाना कोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 94 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के तहत 26 मार्च 2026 को बगिया पेट्रोल पंप के आगे बहद ग्राम बगिया के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अभियुक्त जितेन्द्र विन्द उर्फ देवकी पुत्र जगदीश निवासी खम्हरिया सोनवर्षा थाना कोन को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बोरी में चार बंडलों में रखा 4 किलो 94 ग्राम अवैध गांजा, एक कीपैड मोबाइल फोन व 500 नकद बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या, चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मिर्जापुर जनपद के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
नवरात्रि चेकिंग में बड़ी कार्रवाई, 4.94 किलो गांजा संग शातिर तस्कर गिरफ्तार
मार्च 26, 2026
0
Tags
.jpeg)