कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।बासंतिक नवरात्र के प्रथम दिवस पर नव संवत्सर 2083 विक्रमी का स्वागत बड़ी धूमधाम से किया गया। नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति टांडा के तत्वावधान में पतित पावनी मां सरयू की 21,551 दीपों से महा आरती, दुग्धाभिषेक एवं पूजन का भव्य आयोजन सरयू नदी में संपन्न हुआ।शाम 5:30 बजे नदी की जलधारा में नाव पर स्थापित मंच पर ज्योतिषाचार्य पुरोहित पंडित राकेश मिश्रा ने यजमान दंपतियों अंशुल अग्रवाल, सरदार त्रिलोक सिंह एवं दिनेश नारायण सिंह को संकल्प कराकर विधि-विधान से पूजन कराया। दुग्धाभिषेक एवं चुनरी अर्पण के बाद वैदिक मंत्रों एवं मंगलाचरण के सस्वर पाठ से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।टांडा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु—पुरुष, महिलाएं, बालक-बालिकाएं—अपने घरों से सजाकर लाई गई थालियों से मां सरयू की आरती में शामिल हुए। गोधूलि बेला में स्वस्तिवाचन के साथ प्रज्वलित महा आरती के हजारों दीपों से अलौकिक एवं नयनाभिराम दृश्य सृजित हुआ। शंखनाद, घंटे-घड़ियाल की ध्वनियों के बीच उपस्थित भक्तों ने महा आरती एवं दीपदान किया।नदी में झिलमिलाते दीपों से ऐसा लगा मानो संपूर्ण सृष्टि नव संवत्सर के स्वागत में उत्सुक एवं प्रसन्न है। कार्यक्रम स्थल को फूल-मालाओं, श्री दुर्गा जी की पताकाओं, विद्युत बल्बों एवं ओम-अंकित ध्वजों से सजाया गया था। गंगा समग्र, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति आदि संगठनों के शुभकामना पट्ट भी लगाए गए।महा आरती की व्यवस्था में आनंद कुमार अग्रवाल, बजरंगी लाल सोनी, राकेश कुमार अग्रवाल, अनिल सिंह, अनिरुद्ध अग्रवाल, दीपक केडिया, आकाश शाह, दिनेश कश्यप, राजेश कुमार साहू, संतोष कुमार अग्रवाल, राकेश कनौजिया, मनोज सोनी, अखिल कपूर, सुनील सोनी, पप्पू यादव, प्रतिभा सिंह, वैशाली सिंह, हर्षिता, अनुष्का सिंह, जयप्रकाश यादव, काशीनाथ मिश्रा, सत्येंद्र आर्य सहित कई कार्यकर्ता तत्पर रहे।समिति के महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए नदियों की शुद्धता, पवित्रता एवं अविरल प्रवाह बनाए रखने का संकल्प दिलाया। अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल ने सभी सहयोगियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।यह आयोजन भक्ति, श्रद्धा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ, जिसने टांडा में नव वर्ष की शुरुआत को यादगार बना दिया।