देवल संवाददाता, जनपद आजमगढ़ की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल ₹54,425 की ठगी गई धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई है।
पहला मामला थाना फूलपुर क्षेत्र का है, जहां जौनपुर निवासी कुसुम यादव को साइबर ठगों ने उनके रिश्तेदार के विदेश में फंसे होने का झांसा देकर ₹80,000 की ठगी कर ली थी। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ₹52,025 की धनराशि ट्रेस कर होल्ड कराई और न्यायालय की प्रक्रिया पूरी कराकर उसे वापस करा दिया।
दूसरा मामला थाना सिधारी क्षेत्र का है, जहां विपुल कुमार सिंह के मोबाइल हैक होने से उनके खाते से ₹2,400 की अवैध निकासी हो गई थी। साइबर टीम और साइबर सेल की मदद से पूरी रकम वापस कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी अक्सर रिश्तेदार बनकर कॉल या मैसेज करते हैं और “आपात स्थिति” का बहाना बनाकर लोगों से पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं।
पुलिस की अपील: जनता से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें, OTP या बैंक डिटेल साझा न करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।