देवल संवादाता,वाराणसी। सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में शनिवार की रात आर्यन गुप्ता (12) की गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश और जादू-टोना के शक में हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसे संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। एसपी ने अदालत में मामले की पुरजोर पैरवी कराते हुए सख्त सजा दिलाने की बात कही है।
रामगढ़ कस्बा निवासी राजू गुप्ता मिट्टी के बर्तन की दुकान है। शनिवार की रात उनका बेटा आर्यन अपने एक दोस्त के साथ खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। आर्यन के साथ मौजूद बालक ने वहां से भागकर घरवालों को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे परिवारीजनों और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया था। रात करीब 12 बजे एसपी अभिषेक वर्मा, एएसपी अनिल कुमार, सदर विधायक भूपेश चौबे के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने की कार्रवाई
एसपी ने मामले के खुलासे के लिए पन्नूगंज थाने के अलावा एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया था। टीम ने रात करीब एक बजे पकरहट नहर पुलिया के पास घेरेबंदी कर हत्यारोपी दिवाकर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने आरोपी को मीडिया के सामने पेश करते हुए बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश वजह थी। एसपी के मुताबिक दिवाकर ने पूछताछ में बताया कि आर्यन के परिवार और उसके घरवालों के बीच काफी पहले से विवाद चला आ रहा था। आए दिन उनमें कहासुनी भी होती है।
उसे शक था कि उसके परिवार पर आर्यन की मां ने कोई जादू-टोना कर दिया है, जिस कारण पूरा परिवार परेशान रहता है। करीब 15 साल पहले उसके बड़े भाई की भी जलने से मौत हुई थी। इसमें भी उसे आर्यन के घरवालों की संलिप्तता का शक था। इसी द्वेष में उसने घटना को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।